भारी बारिश के कारण बदरीनाथ हाईवे लामबगड़ और गुलाबकोटी में करीब सात घंटे तक बंद रहा, जिससे वाहनों की आवाजाही थमी रही।
बदरीनाथ हाईवे पर ऑलवेदर परियोजना के कार्य के कारण जगह-जगह हिल साइड मलबा अटका हुआ है। शनिवार को तड़के करीब तीन बजे भारी बारिश होने से गुलाबकोटी और लामबगड़ में मलबा हाईवे पर आ गया। सुबह जब छह बजे वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई तो इन जगहों पर हाईवे के दोनों ओर वाहनों का जाम लग गया। हाईवे बंद होने की सूचना पर सुबह सात बजे एनएच और बीआरओ की जेसीबी पहुंची और मलबा हटाने का काम शुरू किया। सुबह दस बजे हाईवे सुचारु कर दिया गया। हाईवे खुलने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि दोनों जगहों पर अभी भी बारिश होने से हाईवे बंद होने की आशंका बनी हुई है। वहीं गुलाबकोटी में चट्टानी भाग पर हिल कटिंग कार्य से हाईवे बेहद संकरा और खतरनाक बना हुआ है और यहां चट्टान से पत्थर भी छिटक रहे हैं।