गोपेश्वर। चमोली बाजार के निचले हिस्से में सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण किया जा रहा है। यहां हुए मिट्टी के खुदान के कारण भूस्खलन शुरू हो गया है जिससे बदरीनाथ हाईवे को खतरा हो गया है। यहां रुक-रुककर मलबा गिर रहा है। भारी बारिश होने पर यहां कभी भी हाईवे क्षतिग्रस्त होने की आशंका बनी है।
चमोली बाजार में सुलभ इंटरनेशनल के संयुक्त शौचालय व स्नानघर थे जो पुराने हो गए थे। इस वर्ष सुलभ इंटरनेशनल की ओर से इन्हें तोड़कर नए शौचालयों का निर्माण शुरू किया गया। इसका निर्माण कार्य आरईएस को दिया गया। बीते जून माह में यहां खुदान किया गया तो भूस्खलन शुरू हो गया। अब यह भूस्खलन बदरीनाथ हाईवे के बेहद करीब पहुंच गया है। अब स्थिति यह है कि तेज बारिश होने से कभी भी हाईवे पर भूस्खलन सक्रिय हो सकता है जिससे यह क्षतिग्रस्त भी हो सकता है। जिले के प्रभारी मंत्री के जिला प्रतिनिधि तारेंद्र थपलियाल का कहना है कि यहां हाईवे को कोई नुकसान न हो इसके लिए अभी से सुरक्षा के इंतजाम किए जाने चाहिए। इधर सुलभ इंटरनेशनल के इंचार्ज मनोज झा का कहना है कि आरईएस की ओर से यहां शौचालयों का निर्माण किया जा रहा है। हाईवे को कोई खतरा न हो इसके उपाय किए जाएंगे।