ऑल वेदर रोड कटिंग के दौरान हेलंग के पास जेसीबी के ऊपर भारी बोल्डर गिर गए, जिससे जेसीबी चालक घायल हो गया। बोल्डर गिरने से हेलंग में बदरीनाथ हाईवे बंद हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई है। हाईवे खोलने का काम चल रहा है। गनीमत रही कि बोल्डर जेसीबी के आगे हिस्से पर गिरा नहीं तो चालक की जान जा सकती थी।
इन दिनों ऑलवेदर रोड कटिंग का काम तेज कर दिया गया है। शनिवार को हेलंग के पास जेसीबी से चट्टान काटी जा रही थी कि इसी दौरान चट्टान से टूटकर बोल्डर नीचे गिर गए और यहां काम कर रही जेसीबी उसकी चपेट में आ गई। जेसीबी का आगे का हिस्सा बड़े-बड़े बोल्डरों के नीचे दब गया, जबकि जेसीबी चालक सुरेंद्र कुमार निवासी हिमाचल प्रदेश घायल हो गया। अन्य कर्मियों ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पीपलकोटी पहुंचाया। बोल्डर गिरने से हेलंग में बदरीनाथ हाईवे बंद हो गया। ऐसे में यहां जाम लग गया। हालांकि हाईवे खोलने का काम जारी है।