भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने भगवान बदरीनाथ के कपाट नियत तिथि पर खुलवाने की मांग को लेकर सीएम को ज्ञापन भेजा। एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष संदीप नेगी, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष सूर्य प्रकाश पुरोहित, यूथ कांग्रेस के बदरीनाथ विधानसभा अध्यक्ष योगेंद्र सिंह ने कहा कि केदारनाथ के कपाट खुलने की तिथि 29 अप्रैल और बदरीनाथ के कपाट खुलने की तिथि 30 अप्रैल तय की गई थी। केदारनाथ के रावल और बदरीनाथ के रावल स्वास्थ्य जांच के बाद ही उत्तराखंड पहुंचे थे। प्रदेश के सबसे कठिन पैदल मार्ग वाले बाबा केदारनाथ के कपाट तो नियत तिथि पर खुल रहे हैं, लेकिन बदरीनाथ के कपाट खुलने की तिथि 15 मई को बढ़ा दी गई है। कपाट खोलने की तिथि परिवर्तन से हिंदू समाज और तीर्थ पुरोहितों की भावनाओं को ठेस पहुंची है। इसलिए बदरीनाथ के कपाट पूर्व निर्धारित तिथि पर खेले जाएं। संवाद