शनिवार दोपहर बाद बदरीनाथ धाम, हेमकुंड साहिब और केदारनाथ धाम में बारिश और बर्फबारी हुई। साथ ही केदारनाथ धाम के पड़ाव रामबाड़ा से लिनचोली के बीच रुक-रुककर हिमपात हो रहा है।
चमोली जिले में शनिवार को दो बजे अचानक मौसम ने करवट ली। गोपेश्वर में तेज हवाओं और गरज के साथ बारिश हुई, जिससे ठंडक बढ़ गई है। वहीं आदिबदरी में शाम चार बजे आधा घंटे तक जमकर बारिश और कर्णप्रयाग में हल्की बूंदाबांदी हुई। उधर, केदारनाथ में दोपहर बाद हल्की बारिश के बाद बर्फबारी हुई।
पड़ावों पर भी बारिश के साथ तेज हिमपात हो रहा है। खराब मौसम के कारण धाम में कड़ाके की ठंड हो रही है। यहां पारा भी 2 डिग्री से नीचे आ गया है। रामबाड़ा से लिनचोली के बीच भी रुक-रुककर हल्की बर्फबारी हो रही है।