टिम्मरसैंण महादेव यात्रा के लिए मलारी हाईवे से बर्फ हटाते एसडीआरएफ के जवान।
- फोटो : GOPESHWAR
नीती घाटी में तीन दिनों तक हुई बर्फबारी के कारण नीती घाटी स्थित टिम्मरसैंण में बाबा बर्फानी की यात्रा फिलहाल रुक गई है। एसडीआरएफ की टीम ने गमशाली गांव तक मलारी हाईवे से बर्फ हटा ली है, लेकिन इससे आगे अभी भी हाईवे बर्फ से ढका है। हाईवे खोलने में अब सीमा सड़क संगठन की मदद ली जाएगी।
बाबा बर्फानी की यात्रा सात अप्रैल से शुरू हुई थी, लेकिन उसी दिन शाम से ही नीती घाटी में बर्फबारी शुरू हो गई। पहले दिन स्थानीय लोग ही बाबा बर्फानी के दर्शन कर पाए थे। मलारी हाईवे पर मलारी से आगे बर्फ जम गई थी, जिसके बाद एसडीआरएफ की टीम ने बर्फ हटानी शुरू की। शुक्रवार को एसडीआरएफ के इंस्पेक्टर हरक सिंह राणा के नेतृत्व में छह सदस्यीय टीम ने गमशाली गांव तक बर्फ हटाकर वाहनों की आवाजाही सुचारु करा दी, लेकिन इससे आगे हाईवे पर बर्फ जमी है, जिससे वाहनों की आवाजाही नहीं हो पा रही है। नीती घाटी के पूरण सिंह ने बताया कि मलारी क्षेत्र में भारी बर्फबारी के कारण वाहनों की आवाजाही नहीं हो पा रही है। हाईवे को सुचारु होने में अभी दो दिन का समय लगेगा। उसके बाद ही बाबा बर्फानी की यात्रा दोबारा शुरू हो सकेगी।