जिला विधिक साक्षरता प्राधिकरण की ओर से तहसील विधिक साक्षरता सेवा समिति थराली के बानुड़ी गांव में नशामुक्ति विषय पर एक दिवसीय विधिक साक्षरता शिविर आयोजित किया गया।
शिविर की अध्यक्षता करते हुए सिविल जज न्यायिक मजिस्ट्रेट थराली संजीव कुमार ने कहा कि नशा समाज को खोखला करता है और इससे कई सामाजिक बुराइयां जन्म लेती हैं। नशामुक्त समाज ही विकास की राह पर आगे बढ़ सकता है। इसलिए हमें समाज से नशाखोरी को समाप्त करना होगा।
एसडीएम थराली अनूप कुमार नौटियाल ने कहा कि नशे के हानिकारक प्रभावों के प्रति जागरूक करने की बात कही। तहसीलदार परमानंद राम ने इस बात पर जोर दिया कि इसके लिए समाज में जागरूकता फैलाने की आवश्यकता है।
बार संघ अध्यक्ष हिम्मत सिंह रावल, शासकीय अधिवक्ता हरिशरण शर्मा, डीडी कुनियाल, पीएस बिष्ट एवं जयराम आर्य ने नशाखोरी रोकने के कानूनी पहलुओं की जानकारियां दीं। सामाजिक कार्यकर्ता हीरा सिंह रूपकुंडी ने कहा कि सामाजिक बुराई को जागरूकता से ही समाप्त कर सकते हैं। महिलाओं ने नशामुक्ति के लिए आंदोलन चलाने की जरूरत पर बल दिया।
बार एसोसिएशन के सचिव रमेश चंद्र कुनियाल के संचालन में हुए शिविर में ग्राम प्रधान आनंदबल्लभ कुनियाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य आनंदी देवी, भास्करानंद कुनियाल और नारायण दत्त कुनियाल आदि ने विचार व्यक्त किए।