गोपेश्वर। बीते कई साल से दोगड़ी-कांडई-बमियाला सड़क जगह-जगह बदहाल बनी है। 14 किलोमीटर यह सड़क कई जगहों पर चट्टानी भाग से होकर गुजरती है लेकिन इन जगहों पर सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किए गए हैं। कई जगह सड़क से डामर भी उखड़ गया है।
स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय बचन सिंह रावत के गांव बमियाला को यातायात से जोड़ने के लिए पीएमजीएसवाई ने वर्ष 2012 में इस सड़क का निर्माण किया लेकिन उसके बाद से सड़क का संरक्षण नहीं किया गया। पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य महानंद बिष्ट, वन सरपंच गीता देवी, जगत सिंह आदि का कहना है कि कांडई गांव से आगे सड़क खस्ताहाल है। वाहनों में आवाजाही करने में भी खतरा बना हुआ है। इधर, लोनिवि के ईई राजवीर सिंह चौहान का कहना है कि सड़क पर डामरीकरण और सुरक्षात्मक कार्यों के लिए आचार संहिता के बाद टेंडर जारी किए जाएंगे। संवाद