ठेकेदार से अनुबंध के डेढ़ साल बाद भी देवाल-थराली मार्ग का डामरीकरण नहीं हो पाया है। देवाल-थराली मार्ग के डामरीकरण के लिए फरवरी 2019 में 99 लाख रुपये स्वीकृत हुए थे और मई 2019 में ठेकेदार से 6 माह में कार्य पूरा करने का अनुबंध हुआ था। डेढ़ साल बीत गया लेकिन डामरीकरण नहीं हुआ। विभाग का कहना है कि ठेकेदार को कई बार इस संबंध में पत्र दिया जा चुका है, लेकिन ठेकेदार कभी मौसम अनुकूल न होने, कभी कोरोना तो कभी लेबर न मिलने का बहाना बना रहा है। ठेकेदार के बांड की समय सीमा भी बढ़ाई गई है। इसके बावजूद अभी तक कार्य शुरू नहीं किया। वहीं थराली-देवाल किमी 6 से आगे काम चल रहा है। लोक निर्माण विभाग के जेई संतोष पंत का कहना है कि 1-2 दिन में डामरीकरण कार्य शुरू हो जाएगा। ठेकेदार के मजदूर पहुंच चुके हैं।