गोपेश्वर महाविद्यालय की विभिन्न समस्याओं को लेकर छात्र संघ पदाधिकारियों का आमरण अनशन बुधवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने अनशनकारी छात्र संघ अध्यक्ष अनूप नेगी, विश्व विद्यालय प्रतिनिधि भगत सिंह और मिथलेश फस्त्रवाण के स्वास्थ्य की जांच की।
अनशनकारियों के स्वास्थ्य में गिरावट दर्ज की गई है। तीनों का करीब पांच-पांच किलो वजन घटा है। छात्र संघ अध्यक्ष अनूप का कहना है कि महाविद्यालय प्रशासन से लेकर विश्वविद्यालय स्तर तक मांगों को लेकर मांग की गई लेकिन एक भी मांग पूरी नहीं हो पाई है।
उन्होंने शासन-प्रशासन पर अनदेखी का आरोप लगाया। सीएमओ डा. विराज शाह का कहना है कि अनशन पर बैठे तीनों छात्रों के स्वास्थ्य की जांच की गई जिसमें तीनों का पांच-पांच किलो वजन कम आया। स्वास्थ्य जांच की रिपोर्ट प्रशासन को भेज दी गई है। यदि बृहस्पतिवार को भी छात्रों का अनशन जारी रहता है तो दिक्कत हो सकती है। इस मौके पर पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष सूर्य प्रकाश पुरोहित, अभिषेक सिंह, मोहित, मान सिंह, पूनम, कल्पना, शिवानी और ज्योति आदि मौजूद थे।