मानदेय बढ़ाने और सेवानिवृत्ति पर 10 लाख रुपये ग्रेच्युटी देने आदि की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। मानदेय में बढ़ोतरी समेत कई मांगों के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सेविका एवं मिनी कर्मचारी संगठन ने जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। संगठन ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन भेजकर मांगों के निस्तारण की मांग उठाई।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संगठन दशोली ब्लॉक अध्यक्ष मंजू सती ने कहा कि कार्यकर्ता लंबे समय से मांगों के लिए संघर्ष कर रही हैं लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है। उन्होंने राज्य सरकार से प्रतिदिन 140 रुपये मानदेय बढ़ाने और केंद्र सरकार को प्रतिदिन 150 रुपये की वृद्धि का प्रस्ताव भेजने की मांग की। साथ ही सेवानिवृत्ति पर बिना किसी अर्हता के 10 लाख रुपये ग्रेच्युटी देने और इसका शासनादेश जारी करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। इस मौके पर सरिता, उमा, अनिता नेगी, सरोजनी, विनिता, रेखा, दीपा देवी, मंजू रावत, उर्मिला नेगी, प्रभा और कविता आदि मौजूद रहीं।