ज्वाला और मां भगवती की डोलियां बहन से मिलने पहुंचीं मंदिर, संतानकामना के लिए 276 बरोही मंदिर में करेंगी जागरण
बदरीनाथ विधायक लखपत बुटोला बोले, मंदिर तक किया जाएगा सड़क निर्माण
विधायक ने मेले के लिए तीन लाख और राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने चार लाख देने की घोषणा की
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। दत्तात्रेय जयंती पर संतानदायिनी माता अनसूया मंदिर में दो दिवसीय मेला शुरू हो गया है। माता अनसूया से संतान प्राप्ति की कामना के लिए 276 बरोही (निसंतान दंपती) मंदिर के मंडप में रात्रि जागरण करेंगी। विभिन्न गांवों की ज्वाला और मां भगवती की डोलियां भी अपनी बहन से मिलने के लिए अनसूया मंदिर पहुंच गई हैं। अनसूया गेट पर सभी छह देवियों की डोलियों का मिलन हुआ।
दोपहर एक बजे बदरीनाथ विधायक लखपत सिंह बुटोला ने मेले का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि सैकड़ों श्रद्धालु माता अनसूया मंदिर पहुंचते हैं लेकिन मंदिर तक पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं को पांच किलोमीटर की पैदल दूरी तय करनी पड़ती है। अब अनसूया मंदिर को सड़क से जोड़ा जाएगा। इसके लिए शासन-प्रशासन से वार्ता की जाएगी। उन्होंने मेला आयोजन के लिए विधायक निधि से तीन लाख रुपये देने की घोषणा की। राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने भी मेला समिति को अपनी निधि से चार लाख रुपये देने की घोषणा की। इसके बाद करीब दो बजे कठूड़, बणद्वारा, खल्ला, देवलधार, सगर और मां अनसूया की डोलियां अनसूया गेट पर पहुंचीं। यहां देव डोलियों का मिलन हुआ और इसके बाद सभी सिरोली गांव पहुंचीं। यहां सभी डोलियों काे श्रद्धालुओं ने अर्घ्य लगाया। आधा घंटे तक पूजा-अर्चना के बाद सभी डोलियां भक्तों के साथ पांच किमी की चढ़ाई तय कर अनसूया मंदिर पहुंचीं। डोलियों के मंदिर में पहुंचते ही जय मां अनसूया के जयकारे लगे। भक्तों ने फूल मालाओं से डोलियों का स्वागत किया। डोलियाें ने भक्तों को आशीर्वाद दिया। इसके बाद सभी डोलियां मंदिर में बने मंडप में विराजमान हुईं। वहीं रात में 276 बरोही ने मां अनसूया की पूजा-अर्चना कर संतान कामना के लिए जागरण किया। अनसूया मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष भगत सिंह बिष्ट ने बताया कि रविवार को सभी देव डोलियों की पूजा-अर्चना होगी। इस मौके पर महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष ऊषा रावत, अरविंद नेगी, तेजवीर कंडेरी, अनिल कठैत, युद्धवीर बर्त्वाल, मनीष नेगी, चंद्रकला तिवारी, कलावती पाठक, अनूप सिंह नेगी आदि मौजूद रहे।
चंद्रकुंवर बत्र्वाल शरदोत्सव आज से
पोखरी। नगर क्षेत्र पोखरी में लगने वाला 18वां हिमवंत कवि चंद्रकुंवर बत्र्वाल खादी ग्रामोद्योग एवं शरदोत्सव मेला आज रविवार से शुरू होगा। मेले का उद्घाटन पूर्वाह्न 11 बजे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गणेश गोदियाल करेंगे। शरदोत्सव का आयोजन बदरीनाथ विधायक लखपत बुटोला और नगर पंचायत कर रही है। विधायक ने बताया कि सभी तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएंगीं। गोल मार्केट में मेला मंच बनाया गया है। यहां पर सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। वहीं विनायक धार मिनी स्टेडियम में झूले लगेंगे। संवाद
मंडल में अपने भक्तों को दर्शन देतीं मां ज्वाला की डोली। संवाद