आमसौड़-सेरागाड़ मोटर पुल के निर्माण में हो रही देरी और ग्रामीणों के गुस्से को देखते हुए लोनिवि गौचर के अधिशासी अभियंता ने बृहस्पतिवार को सेरागाड़ गांव जाकर ग्रामीणों से वार्ता की। उन्होंने 12 अक्तूबर से मोटर पुल पर काम शुरू करने का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने कहा कि अगर सोमवार से पुल पर कार्य शुरू नहीं हुआ तो लोनिवि दफ्तर में तालाबंदी व चक्काजाम किया जाएगा।
आमसौड़ में पिंडर नदी पर बन रहे मोटर पुल का काम 6 सालों से अधर में लटका है। लोनिवि ने पुल का ढांचा तो तैयार कर दिया, लेकिन आवाजाही के लिए गार्डर नहीं बिछाए और न ही डामरीकरण किया। इससे सेरागाड़ सहित अन्य कई गांवों के लोगों को 5 से 8 किलोमीटर तक पैदल चलना पड़ रहा है। 5 अक्तूबर को ग्रामीणों ने आधे अधूरे पुल के सामने बैठकर धरना दिया था। समस्या को देखते हुए बृहस्पतिवार को लोनिवि गौचर के ईई एसके गुप्ता ने ग्रामीणों के साथ बैठक कर सोमवार से पुल निर्माण कार्य शुरू करने का भरोसा दिया। इस मौके पर यूकेडी के जिला प्रभारी उमेश खंडूड़ी, केएल शाह, आकाश पुजारी, सेरागाड़ के प्रधान सेरागाड़ आनंद बल्लभ रतूड़ी, चंडी प्रसाद रतूड़ी, अंकित, विनोद नेगी, विक्रम रावत, गांधी जुयाल, बल्लभ जुयाल, दीपा देवी, सरोजनी देवी और बसंती देवी मौजूद थे।