सवाड़ गांव में तीन दिवसीय अमर शहीद सैनिक मेला बुधवार से शुरू हुआ। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने मेले का उद्घाटन किया और इस मेले को राजकीय मेला व यहां शहीद द्वार बनाने की घोषणा की। उन्होंने मेले के लिए डेढ़ लाख देने की घोषणा की। प्रथम विश्व युद्ध के शहीदों को आर्मी बैंड बाजे के साथ श्रद्धांजलि अर्पित की गई। मेले में महिला जागर गायिका व पद्मश्री बसंती बिष्ट ने जागरों की प्रस्तुति दी। इस दौरान चौड़ की धाविका सरोजनी व वाक गांव के कृषक पुष्पा देवी को सम्मानित किया गया।
सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने मेले को डेढ़ लाख रुपये देने की घोषणा की। कहा कि इस गांव के प्रथम विश्व युद्ध में 22 सैनिक, द्वितीय विश्व युद्ध में 38, पेशावर कांड में 14, आजाद हिंद फौज में 17, बंग्लादेश युद्ध में 28 सैनिकों ने भाग लिया जिसमें कई शहीद हुए। कहा कि सैन्य धाम की शुरुआत सवाड़ की मिट्टी से हुई। देहरादून में बन रहा सैन्यधाम का मुख्यद्वार जनरल बिपिन रावत के नाम पर होगा। इस दौरान विधायक भूपाल राम टम्टा ने भी मेले को डेढ़ लाख की घोषणा की। उन्होंने मंत्री से यहां पर केंद्रीय विद्यालय के संचालन की मांग की। ब्लॉक प्रमुख डॉ. दर्शन दानू ने यहां पर मल्टी ट्रेनिंग सेंटर स्वीकृत करने, क्षेत्र की सड़कों को ठीक करने, यहां पर कोल्ड स्टोर स्वीकृत करने की मांग की। इस मौके पर महिपाल मेहरा, गणेश मिश्रा, सोवन खत्री, देवा नेगी, कर्नल एचएस रावत, धन सिंह, सुरेंद्र बिष्ट आदि मौजूद रहे।
मंत्री को सौंपे मांगों के ज्ञापन
सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी को लोगों ने विभिन्न समस्याओं के ज्ञापन सौंपे। लोगों ने देवाल त्रिवेणी का रखखाव करने, कोल्ड स्टोर खोलने, मल्टी ट्रेनिंग सेंटर स्वीकृत करने, सवाड़ जीआईसी तक सड़क, मोठ तक सड़क बनाने, मेलमिंडा पोखरीगाड़ सड़क का विस्तारीकरण करने, जैनबिष्ट से तलौर महाविद्यालय तक सड़क बनाने, खेता मानमती सड़क को कुमाऊं में मिलाने, केवि के संचालन करने आदि मांगों के ज्ञापन सौंपे।