बदरीनाथ क्षेत्र में शुरू हुए ऑलवेदर रोड परियोजना कार्य को नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क प्रशासन ने रुकवा दिया है। पार्क प्रशासन ने कार्यदायी संस्था से संरक्षित वन क्षेत्र में परियोजना कार्य करने से पहले पार्क प्रशासन से अनुमति लेने और काम करने के दौरान कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए किए गए उपायों की जानकारी मांगी है। कहा गया कि इनका जवाब मिलने के बाद ही निर्माण कार्य करने दिया जाएगा।
जिला प्रशासन ने एक सप्ताह पूर्व जिले में अधूरे कार्यों को पूर्ण करने की स्वीकृति दी थी, जिसके बाद बदरीनाथ हाईवे पर जोशीमठ से आगे बदरीनाथ तक ऑलवेदर रोड परियोजना कार्य शुरू हो हुआ, लेकिन कार्यदायी संस्था ने संरक्षित क्षेत्र में कार्य शुरू करने से पहले नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क से कोई अनुमति नहीं ली। इस पर बुधवार को पार्क प्रशासन ने लामबगड़ भूस्खलन क्षेत्र के साथ ही हनुमान चट्टी से आगे अन्य स्थानों पर परियोजना कार्य रुकवा दिया। पार्क के प्रभागीय उप वन संरक्षक किशन चंद्र ने बताया कि कार्यदायी संस्था से मजदूरों की संख्या, सामाजिक दूरी, मास्क व कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए किए गए अन्य इंतजाम के बारे में भी पूछा है। जवाब मिलने पर कार्य करने की अनुमति दी जाएगी।
निर्माण कार्य पूरा करें
पौड़ी। नगर पालिका क्षेत्र पौड़ी में अधूरे निर्माण कार्य पूरा करने के लिए ठेकेदारों से आगे आने का आह्वान किया गया। पालिकाध्यक्ष पौड़ी यशपाल बेनाम ने कहा कि पालिका क्षेत्र में कई निर्माण कार्य अधूरे पड़े हैं। पालिका में पंजीकृत ठेकेदार जो भी अधूरे कार्य पूरा करना चाहता है, वह पालिका से संपर्क कर सकता है। इसके बाद जिला प्रशासन से स्वीकृति ली जा सकेगी।