आयुर्वेदिक एवं यूनानी मिनिस्टीरियल एसोसिएशन उत्तराखंड ने आयुर्वेदिक विभाग में कई कर्मियों का नियम विरुद्ध समायोजन करने का आरोप लगाया। कहा गया कि यही नहीं वरिष्ठ कर्मियों को छोड़कर इनको पदोन्नति भी दी जा रही है।
एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष दीपचंद्र बुड़ाकोटी ने कहा कि एक कार्मिक के निदेशालय में अवैध समायोजन की शिकायत की गई थी। आयुष मंत्री के निर्देश पर सचिव आयुष ने समायोजन की जांच होने तक संबंधित को पदोन्नति नहीं देने निर्देश दिए थे, इसके बाद भी उसकी पदोन्नति कर दी गई। एक अन्य मामले में वरिष्ठ सहायक के प्रतिनियुक्ति पर जाने के बाद कनिष्ठ सहायक को तदर्थ पदोन्नति दी गई, लेकिन वरिष्ठ सहायक के लौटने के बावजूद न सिर्फ तदर्थ पदोन्नति को बरकरार रखा गया बल्कि उन्हें पदोन्नत कर पौड़ी भेज दिया गया। इसी तरह के कई मामले हैं, जो नियम विरुद्ध हैं। उन्होंने कहा कि नियम विरुद्ध समायोजन से संगठन में रोष है। उन्होंने ऐसे मामलों की जांच की मांग की।