फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हेलंग में अटका ऑल वेदर रोड परियोजना का काम

विज्ञापन
विज्ञापन
ऑल वेदर रोड परियोजना की रफ्तार जोशीमठ की तलहटी में आकर अटक गई है। यहां प्रस्तावित हेलंग-मारवाड़ी बाईपास मार्ग का मसला सुलझ नहीं रहा है, जिससे अब लोनिवि ने गेंद केंद्र सरकार के पाले में सरका दी है। विभाग जोशीमठ में 300 मकान और दुकानों को तोड़ने और हेलंग से मारवाड़ी की अधिक दूरी के चलते हेलंग-मारवाड़ी बाईपास मार्ग को ज्यादा फायदेमंद मान रहा है।
विज्ञापन

ऑल वेदर रोड परियोजना के तहत बदरीनाथ हाईवे पर रुद्रप्रयाग से माणा गांव तक 160 किमी सड़क का चौड़ीकरण होना है। पहले चरण की हिल कटिंग अंतिम चरण में है, लेकिन हेलंग में कार्य बंद है। यहां प्रस्तावित हेलंग-मारवाड़ी बाईपास मार्ग के विरोध में जोशीमठवासी तीन माह से धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं।
लोनिवि के मुख्य अभियंता हरिओम शर्मा ने नृसिंह मंदिर रोड और सेना कैंपस से औली के लिए गुजर रही सड़क का निरीक्षण किया। उनका कहना है कि नृसिंह मंदिर से गुजर रही सड़क के आसपास इतनी भूमि नहीं है कि सड़क को आठ मीटर चौड़ा किया जा सके। साथ ही आर्मी कैंपस से गुजर रही सड़क के चौड़ीकरण पर भी कई पेंच हैं। जोशीमठ में यदि चौड़ीकरण किया गया, तो करीब 300 मकान और दुकानों का ध्वस्तीकरण किया जाएगा। साथ ही हेलंग से जोशीमठ होते हुए मारवाड़ी तक सड़क ले जाने में करीब 22 किमी का फेर है, जबकि हेलंग से मारवाड़ी तक मात्र साढ़े पांच किमी सड़क का कटान होना है।
विज्ञापन

बाईपास मार्ग के विरोध में 100 दिन से चल रहा आंदोलन
जोशीमठ। हेलंग-मारवाड़ी बाईपास मार्ग के विरोध में जोशीमठ बचाओ संघर्ष समिति के धरना-प्रदर्शन को 100 दिन पूरे हो गए हैं। यहां तहसील परिसर में लोगों का आंदोलन चल रहा है। संघर्ष समिति के अध्यक्ष शैलेंद्र पंवार, पूर्व पालिकाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, व्यापार मंडल अध्यक्ष नैन सिंह भंडारी, रमेश सती, अतुल सती, लक्ष्मण सिंह फरकिया, जय प्रकाश, अमित सती, मुकेश कुमार, हरीश भंडारी, कर्ण सिंह, गौरव नंबूरी, प्रदीप भट्ट ने कहा कि यदि ऑलवेदर रोड के तहत हेलंग से मारवाड़ी तक बाईपास मार्ग का निर्माण हुआ तो, जोशीमठ का अस्तित्व समाप्त हो जाएगा। केंद्र सरकार की ओर से बाईपास मार्ग का प्रस्ताव जब तक निरस्त नहीं किया जाता आंदोलन जारी रहेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें