डिस्चार्ज के साथ मिलेगा नवजात का जन्म प्रमाणपत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। चमोली के नवनियुक्त सीएमओ डॉ. राजीव सिंह पाल ने कहा कि हमारा पूरा प्रयास रहेगा कि जिले में सभी प्रसव सरकारी अस्पतालों में कराए जाएं। साथ ही प्रसूता को अस्पताल से डिस्चार्ज करते समय नवजात का जन्म प्रमाणपत्र भी उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि बरसात में दूरस्थ क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने, 108 एंबुलेंस सेवा का रिस्पांस टाइम सुधारने और बदरीनाथ यात्रा मार्ग पर चिकित्सा सुविधाओं को मजबूत करना प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
डॉ. पाल ने बताया कि मलारी, ग्वालदम, थराली, देवाल, पोखरी और गैरसैंण जैसे सुदूरवर्ती क्षेत्रों के साथ ही बदरीनाथ यात्रा मार्ग पर स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ किया जाएगा। आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को समय पर उपचार मिल सके, इसके लिए 108 एंबुलेंस सेवा की कार्यप्रणाली में सुधार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि ज्योतिर्मठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू करने के लिए रेडियोलॉजिस्ट एवं पूर्व सीएमओ डॉ. गुमान सिंह राणा की सेवाएं लेने पर विचार किया जा रहा है।