उड़ान योजना के तहत सहस्त्रधारा (देहरादून) से गौचर और चिन्यालीसौड़ के लिए हवाई सेवा आठ फरवरी से शुरू होगी। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत योजना का शुभारंभ करेंगे। आठ फरवरी को सुबह नौ बजे सीएम सहस्रधारा हेलीपैड से हवाई सेवा का शुभारंभ करेंगे। यात्रियों के लिए हवाई सेवा सप्ताह के सातों दिन उपलब्ध रहेगी। लंबे इंतजार के बाद उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विभाग और शासन-प्रशासन ने उड़ान योजना के तहत हवाई सेवा शुरू करने की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। हवाई सेवा का संचालन हैरिटेज एविएशन कंपनी की ओर से किया जाएगा। यात्रियों की बुकिंग जीएमवीएन की ओर से की जा रही है। हैरिटेज कंपनी के बेस मैनेजर बृजमोहन बिष्ट ने बताया कि हेलीकॉप्टर से एक बार में छह यात्री सफर कर सकेंगे।