घाट के सेरा बाजार में विधायक के विरोध में काले झंडों के साथ प्रदर्शन करते आंदोलनकारी।
- फोटो : GOPESHWAR
सेरा- मोख मल्ला (पांच किमी) सड़क के शिलान्यास के लिए थराली विधायक मुन्नी देवी के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए डेढ़ लेन सड़क निर्माण की मांग कर रहे आंदोलनकारी काले झंडे के साथ सेरा बाजार पहुंच गए, लेकिन विधायक के न पहुंचने पर आंदोलनकारी लौट गए। बाद में घाट की ब्लॉक प्रमुख भारती फर्स्वाण ने सड़क का शिलान्यास किया।
सोमवार को मोख तल्ला सड़क का शिलान्यास कार्यक्रम प्रस्तावित था। घाट बाजार में नंदप्रयाग-घाट सड़क के डेढ़ लेन निर्माण की मांग पर आंदोलन कर रहे आंदोलनकारियों को खबर मिली कि सड़क के शिलान्यास के लिए विधायक मुन्नी देवी क्षेत्र में पहुंच रही हैं, तो वे टैक्सी यूनियन अध्यक्ष मनोज कठैत के नेतृत्व में काले झंडे लेकर सेरा बाजार पहुंचे। वे करीब एक घंटे तक सेरा बाजार में विरोध प्रदर्शन करते रहे, लेकिन विधायक नहीं पहुंची। बाद में ब्लॉक प्रमुख भारती फर्स्वाण ने सड़क का शिलान्यास किया। ब्लॉक प्रमुख ने कहा कि इस सड़क के निर्माण की मांग ग्रामीण लंबे समय से कर रहे थे। सड़क के निर्माण के बाद मोख गांव के साथ ही आसपास के अन्य गांवों को इसका लाभ मिलेगा। इस मौके पर प्रधान अनसूया त्रिपाठी, जेई रविंद्र, पूर्व क्षेपंस धनुली देवी, देवी प्रसाद त्रिपाठी, पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष अब्बल सिंह नेगी, राजेंद्र त्रिपाठी, पूर्व प्रधान सुरेंद्र सिंह नेगी आदि मौजूद थे। संचालन मोख मल्ला के ग्राम प्रधान राजेश तिवारी ने किया।
मोख मल्ला सड़क के शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मैने ग्रामीणों के सम्मुख असमर्थता पहले ही जता दी थी। मैं देहरादून गई थी और आज ही लौट रही हूं। मेरा घाट क्षेत्र जाने का कार्यक्रम पूर्व में ही स्थगित हो गया था।
मुन्नी देवी शाह, विधायक, थराली विधायक