गोपेश्वर। मोहनखाल-चोपता 24 किमी मार्ग के निर्माण की मांग के लिए पिछले तीन माह से आंदोलन कर रहे स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि अब शासन स्तर पर पैरवी करने देहरादून पहुंचे हैं। आंदोलनकारियों का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि अधिकारी, लोनिवि के सचिव और विभाग के मुख्य अभियंता से मुलाकात कर सड़क निर्माण का मामला उठाएगा। सड़क संघर्ष समिति के संरक्षक आनंद सिंह राणा ने बताया कि मार्ग निर्माण कार्य शुरू होने तक आंदोलन जारी रखा जाएगा। अब देहरादून में उच्चाधिकारियों के साथ प्रस्तावित बैठक में मार्ग निर्माण के प्रस्ताव और सर्वे की स्थिति पर चर्चा की जाएगी। प्रतिनिधिमंडल में समिति के संयुक्त सचिव धर्मेंद्र सिंह, सुनील सिंह और पूर्व जिला पंचायत सदस्य सुमन सहित अन्य लोग शामिल हैं। संवाद