बदरीनाथ हाईवे को नैनीताल हाईवे से जोड़ने के लिए मुख्य बाजार में पिंडर नदी पर निर्माणाधीन पुल के धीमी गति से हो रहे निर्माण पर गुस्साए आप पार्टी ने लोनिवि का एक घंटे तक घेराव किया।
यह देख लोनिवि के ईई कार्यालय से चले गए जिससे गुस्साए आप कार्यकर्ता नैनीताल हाईवे पर ही बैठ गए। इससे 40 मिनट तक हाईवे बाधित रहा। बाद में मौके पर पहुंचे ईई की ओर से माफी मांगे जाने के बाद आप कार्यकर्ता माने और हाईवे सुचारु किया।
मंगलवार को आप के विधानसभा प्रभारी देवी प्रसाद मैखुरी की अगवानी में आप कार्यकर्ता पुल निर्माण को लेकर सड़क पर उतर गए।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि जैसे ही जुलूस कार्यालय परिसर पहुंचा तभी लोनिवि के ईई अपने कार्यालय से चले गए। उनके पीछे आप कार्यकर्ता भी हाईवे तक भागे और हाईवे जाम कर दिया।
इससे लोगों को दिक्कतें झेलनी पड़ीं। ईई मौके पर पहुंचे और माफी मांगने के बाद प्रदर्शनकारियों ने जाम तो खोल दिया लेकिन इसके बाद लोनिवि कार्यालय का घेराव शुरू किया।
इस दौरान टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष मदन मोहन नवानी, बीरेंद्र मिंगवाल, आप के पूर्व संयोजक भगवती प्रसाद, पुष्कर सिंह, सुदर्शन, राजकुमार, व्यापार संघ अध्यक्ष कुशल बिष्ट, महामंत्री बृजेश सिंह, उमेश खंडूड़ी, पंकज डिमरी आदि ने कहा कि पुल निर्माण के लिए लगातार आंदोलन के बावजूद विभाग पुल अभी तक नहीं बना पाया है। निर्माण के तीन सालों में पुल की लागत चार करोड़ से आठ करोड़ पहुंच गई है।
ईई जेपी रतूड़ी ने दस दिनों में पुल का निर्माण कार्य शुरू करने की बात कही और 31 मई 2016 तक पुल का काम पूरा करने का आश्वासन दिया। एक बजे तक घेराव के बाद एसडीएम केएन गोस्वामी को ज्ञापन देकर घेराव खत्म किया। प्रदर्शन करने वालों में मनोज डिमरी, परशुराम जोशी, बीरेंद्र चौहान, भीम सिंह रावत, अनिल कुंवर और रणवीर सिंह आदि शामिल थे।