पीजी कॉलेज पोखरी में एंटी ड्रग सेल ने आयोजित किया जागरूकता कार्यक्रम
पोखरी (चमोली)। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नागनाथ पोखरी में शुक्रवार को नशाविरोधी अभियान के तहत जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं को लघु फिल्म दिखाकर नशे के दुष्परिणामों और इससे बचाव के प्रति जागरुक किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. रीटा शर्मा ने कहा कि नशा युवाओं के भविष्य और स्वास्थ्य के लिए गंभीर चुनौती है। युवाओं को अपनी ऊर्जा रचनात्मक कार्यों और राष्ट्र निर्माण में लगानी चाहिए। एंटी ड्रग सेल की नोडल अधिकारी डॉ. श्वेता ने नशे की प्रवृत्ति, उसके दुष्प्रभावों और बचाव के उपायों की जानकारी दी। लघु फिल्म के माध्यम से नशे के विभिन्न प्रकारों के साथ ही इसके शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों को प्रदर्शित किया गया। इस मौके पर डॉ. केवलानंद ने भी नशे से होने वाले नुकसान के बारे में विस्तार से बताया। कार्यक्रम में डॉ. अरती रावत, डॉ. सोहनी सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।