सीएम हेल्पलाइन में पहुंची शिकायत की सीएम की समीक्षा
जिलाधिकारी ने अभिहित अधिकारी को दिए दुकानों की नियमित चेकिंग के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी-
गोपेश्वर। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने जिला सभागार में सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा की। उन्होंने शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए।
सिमली के चंद्रमोहन की ओर से दर्ज शिकायत में कहा गया कि सिमली में मिठाई की दुकानों में नकली मावा मिल रहा है। इस पर डीएम ने अभिहित अधिकारी को शीघ्र सिमली सहित अन्य बाजारों में मिठाई की दुकानों में चेकिंग अभियान शुरू करने के निर्देश दिए। थराली के राकेश जाेशी ने शिकायत की कि थराली में जिला पंचायत की ओर से 2021 से पार्किंग का निर्माण किया जा रहा है जो अभी तक पूरा नहीं हो पाया है। डीएम ने जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी को शीघ्र मामले के निस्तारण के निर्देश दिए। रणजीत सिंह ने कहा कि उद्यान विभाग ने कोल्ड स्टोर निर्माण के लिए उनकी निजी भूमि ली मगर उसका किराया नहीं दिया है। थराली-वाण मार्ग की बदहाल स्थिति को सुधारने, पॉली हाउस निर्माण, फरखेत में वन पंचायत की भूमि को अतिक्रमण मुक्त करने और ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों के निर्माण कार्य की सुस्त रफ्तार की शिकायत की गई। जिलाधिकारी ने कर्णप्रयाग के भूधंसाव क्षेत्र बहुगुणा नगर की जानकारी भी ली। उन्होंने पुनर्वास की फाइल को शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही ज्योतिर्मठ के पल्ला जखोला गांव के आपदा प्रभावितों के विस्थापन की कार्रवाई भी तेज करने के निर्देश दिए।