खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में तैनात प्रशासनिक अधिकारी देवेंद्र नेगी (42 वर्ष) ने पंखे से लटक कर जान दे दी। देवेंद्र हाल ही में प्रशासनिक अधिकारी पद पर पदोन्नत हुए थे और तबादले पर जीआईसी मेहलचौंरी जाने वाले थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घटना की सूचना परिजनों को दे दी है।
पुलिस के मुताबिक नारायणबगड़ के खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में तैनात प्रशासनिक अधिकारी देवेंद्र नेगी (42 वर्ष) यहां शिक्षा विभाग के सरकारी आवास में रह रहे थे। उनकी पत्नी बच्चों के साथ देहरादून में रहती हैं। मंगलवार सुबह देवेंद्र नेगी की पत्नी ने देवेंद्र को फोन किया तो फोन नहीं उठा।
लगातार फोन के करने के बाद भी जब फोन रिसीव नहीं हुआ तो उन्होंने पड़ोसियों को फोन किया। इसके बाद पड़ोसी देवेंद्र नेगी के आवास पर पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद था। कई बार आवाज देने पर भी कोई रिस्पांस नहीं मिला। अनहोनी की आशंका से उन्होंने पड़ोसियों को सूचना दी।
चौकी प्रभारी दीपक रावत ने बताया कि पुलिस टीम कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर गई तो वहां देवेंद्र का शव पंखे से लटका मिला। शव कब्जे में लेकर मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। मौत की वजह पता नहीं चल पाई है, घटनास्थल से कोई सुुसाइड नोट भी नहीं मिला है।
बताया जाता है कि देवेंद्र नेगी की हाल ही में प्रशासनिक अधिकारी के पद पर पदोन्नति के साथ ही तबादला जीआईसी मेहलचौंरी हुआ था। मेहलचौंरी में उन्होंने कार्यभार ग्रहण भी कर लिया था और जल्द ही नारायणबगड़ से मेहलचौंरी शिफ्ट होने वाले थे।