कर्णप्रयाग। नगर की सड़कों और बाजारों को साफ रखने के साथ ही यातायात व्यवस्था सुचारु करने के लिए पालिका अब अतिक्रमण और नो पार्किंग में वाहन खड़े करने पर कार्रवाई करेगी। इसके लिए पालिका प्रशासन मुनादी कर व्यापारियों और वाहन चालकों को चेतावनी दे रहा है।
नगर के पेट्रोल पंप सड़क, सिमली रोड सहित बदरीनाथ हाईवे और अन्य सड़कों पर वाहनों का दबाव रहता है। दोपहिया और चौपहिया वाहनों के अनियमित खड़े होने से जाम लग जाता है। पेट्रोल पंप से लेकर सिमली रोड पर सुभाषनगर तक दोपहिया और सड़क के दोनों ओर चौपहिया वाहनों के खड़े होने से लोगों को दिक्कतें उठानी पड़ती हैं। नगर पालिका के ईओ एनएस रावत ने बताया कि व्यापारियों की ओर से यदि सामान सड़क पर लगाया गया तो कार्रवाई की जाएगी। वहीं वाहनों को पार्किंग में खड़ा करना होगा। अगर ऐसा नहीं किया गया तो कार्रवाई की जाएगी। संवाद