गौचर। कर्णप्रयाग ब्लाॅक के मुल्यागांव के अभिषेक बिष्ट का अमेरिका की इंडियाना यूनिवर्सिटी में कंप्यूटर साइंस में पीएचडी के लिए चयन हुआ है। साथ ही उनको यूनिवर्सिटी की ओर से अपना रिसर्च जारी रखने के साथ ही यूनिवर्सिटी में एसोसिएट इंस्ट्रक्टर के रूप में अध्यापन कराने का जिम्मा भी सौंपा गया है।
अभिषेक (26) ने हाईस्कूल की परीक्षा सेक्रेट हार्ट स्कूल घोलतीर और इंटरमीडिएट सेंट थेरेसस कान्वेंट स्कूल श्रीनगर से की। फिर देहरादून से बीटेक करने के बाद गेट क्वालीफाई किया और आईआईटी हैदराबाद से मास्टर आफ कंप्यूटर साइंस की उपाधि हासिल की। हाल ही में विदेशी शिक्षा की प्रवेश परीक्षा ग्रेजुएट रिकॉर्ड एक्जामिनेशन (जीआरई) उत्तीर्ण की अब वह अमेरिका में पीएचडी करेंगे। वर्ष 2022 से लेकर 2024 तक अभिषेक के कंप्यूटर साइंस के नौ रिसर्च पेपर अंतरराष्ट्रीय जर्नल कांफ्रेंस में भी प्रकाशित हुए हैं। उनके पिता दिनेश बिष्ट और माता गुड्डी बिष्ट दोनों अध्यापक हैं। संवाद