ज्योतिर्मठ। डाक अधीक्षक टीएस गुसाईं ने मंगलवार को डाकघर ज्योतिर्मठ का निरीक्षण किया और विभागीय कार्यों की समीक्षा की। कहा कि डाकघर ज्योतिर्मठ में सुबह 9 से शाम 5 बजे तक आधार कार्ड बनाने और संशोधित करने का काम किया जाएगा। ज्योतिर्मठ सीमांत क्षेत्र है जिससे लोगों को आधार कार्ड बनवाने में कोई दिक्कत न आए इसके लिए डाकघर में आधार कार्ड बनवाने के लिए अलग से कक्ष आवंटित किया गया है। वहीं, गोपेश्वर डाकघर में भी आधार कार्ड बनाने के कार्य में तेजी आ गई है। संवाद
जनप्रतिनिधियों से वार्ता करेंगे एससी आयोग के अध्यक्ष
गोपेश्वर। अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष मुकेश कुमार 19 दिसंबर को गोपेश्वर भ्रमण पर पहुंचेंगे। जिला समाज कल्याण अधिकारी धनंजय लिंगवाल ने बताया कि वे 19 दिसंबर को पूर्वाह्न 11 बजे से जिला सभागार में अनुसूचित जाति के सभी जनप्रतिनिधियों से वार्ता करेंगे। संवाद
गोपेश्वर से लापता व्यक्ति बागेश्वर के गरुड़ में मिला
गोपेश्वर। ग्वालदम से किसी काम से गोपेश्वर आया एक व्यक्ति लापता हो गया था। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की तो वह करीब दो सप्ताह बाद बागेश्वर के गरुड़ क्षेत्र में मिला।
ग्वालदम की एक महिला ने 29 नवंबर को थाना थराली में अपने पति की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस पर पुलिस टीम ने खोए व्यक्ति की खोज शुरू की। महिला ने बताया कि उसके पति 25 नवंबर को किसी काम से गोपेश्वर गए थे लेकिन लौटकर नहीं आए। विवेचक उप निरीक्षक अमनदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने उसके मोबाइल फोन की लोकेशन और सर्विलांस की मदद से गुमशुदा व्यक्ति 16 दिसंबर को बागेश्वर के गरुड़ क्षेत्र में मिला। पुलिस ने उन्हें परिजनों के सुपुर्द कर दिया। संवाद
स्कूली बच्चों की गतिविधियों पर पुलिस की नजर
गोपेश्वर। स्कूली छात्र-छात्राओं की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए चमोली पुलिस की ओर से अभियान चलाया जा रहा है। नौनिहालों की सुरक्षा और उन्हें बुरी आदतों से दूर रखने के लिए पुलिस टीम विद्यालयों के रास्तों में जाकर विद्यार्थियों की गतिविधियों और हालात का निरीक्षण कर रही है। पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देश पर गोपेश्वर, चमोली, पीपलकोटी, ज्योतिर्मठ, पोखरी, नंदानगर आदि क्षेत्रों में पुलिस टीम के सदस्य छात्र-छात्राओं के स्कूल से घर तक के रास्ते पर उनसे मुलाकात कर बातचीत कर रही है। साथ ही उन्हें यातायात नियमों के बारे में जानकारी भी दे रही है। संवाद