नंदासैंण। लोगों की भारी भीड़ को देखते हुए नौटी उपडाकघर में शनिवार को समाप्त होने वाला तीन दिवसीय आधार कार्ड शिविर अब सोमवार तक जारी रहेगा। शिविर में नए आधार कार्ड बनवाने, संशोधन, मोबाइल नंबर लिंक और अपडेट समेत अन्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उप डाकपाल हिमांशु नेगी ने बताया कि दूर-दराज के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं, लेकिन भीड़ के कारण कई लोग आधार संबंधी कार्य नहीं करा पाए। अब तक शिविर में करीब 152 आधार सेवाएं दी जा चुकी हैं। स्थानीय निवासी सुभाष रावत ने शिविर को दो-तीन दिन और बढ़ाने की मांग की है। शिविर में डाकसेवक राहुल, आधार ऑपरेटर काजोल और असलम अली सहयोग कर रहे हैं। संवाद