शॉर्टकट क्षतिग्रस्त रास्ते से जा रहा था श्रद्धालु, पैर फिसला
संवाद न्यूज एजेंसी
ज्योतिर्मठ। हेमकुंड साहिब की यात्रा पर जा रहे एक श्रद्धालु युवक गुरप्रीत सिंह की जंगलचट्टी के पास खाई में गिरने से मौत हो गई। वह शॉर्टकट क्षतिग्रस्त रास्ते से जा रहा था कि पैर फिसल गया। एसडीआरएफ और पुलिस टीम ने शव को खाई से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रविवार को पंजाब के 90 श्रद्धालुओं का जत्था हेमकुंड साहिब की यात्रा पर जा रहा था। जत्थे के साथ अमृतसर पंजाब के थाना सिहरटा, ग्राम काले निवासी गुरप्रीत सिंह (18) पुत्र हरदीप सिंह भी शामिल था। गोविंदघाट थाना प्रभारी विनोद रावत ने बताया कि युवक पुलना से करीब दो किमी आगे जंगलचट्टी के पास मुख्य पैदल मार्ग को छोड़कर पुराने शॉर्टकट व क्षतिग्रस्त रास्ते से जाने लगा। सुरक्षा कारणों से यह मार्ग पहले ही बंद किया हुआ है। इस जर्जर रास्ते पर पैर फिसलने से युवक करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। सूचना पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। खाई पथरीली और अत्यंत दुर्गम है। इस कारण टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद युवक को बाहर निकाला। उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया है।