गैरसैंण। ब्लॉक के लंगटाई गांव के एक व्यक्ति से साइबर ठगों ने 85 हजार रुपये की ठगी कर दी। शिकायतकर्ता देवेंद्र सिंह ने पुलिस में इसकी तहरीर दी।
शिकायतकर्ता ने बताया कि 22 अगस्त की शाम को उन्हें किसी अनजान व्यक्ति का फोन आया। उसने परिवार के किसी व्यक्ति के बीमार होने की बात कही। कहा कि वह अपने खाते से भुगतान नहीं कर पा रहा है। इसलिये उसे खाते में धनराशि डाल दे। पीड़ित व्यक्ति ने बताया कि वह ठग के झांसे में आ गया और उन्होंने ऑनलाइन माध्यम से उस व्यक्ति के को 55, 20 और 10 हजार कुल तीन बार में 85 हजार की का भुगतान कर दिया। जब उक्त व्यक्ति ने धनराशि नहीं लौटाई तब उन्हें अपने साथ हुई धोखाधड़ी का अहसास हुआ। उन्होंने इसकी शिकायत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर भी की। मगर वहां से कोई जवाब नहीं मिला। पीड़ित व्यक्ति ने बुधवार को थाने पहुंचकर तहरीर दी और जल्द साइबर ठग को गिरफ्तार करने और उनकी धनराशि लौटने की गुहार लगाई। वहीं थानाध्यक्ष कुलदीप सिंह ने बताया कि साइबर सेल से संदिग्ध बैंक खातों का विवरण ले कर कार्रवाई की जा रही है।