सरकारी स्कूलों में शैक्षणिक गुणवत्ता के लिए शासन ने नए शैक्षणिक सत्र से जनपद चमोली के दो इंटर कॉलेजों, दो प्राथमिक विद्यालय और एक जूनियर हाईस्कूल को मॉडल स्कूल बनाने की योजना बनाई थी, लेकिन शैक्षणिक सत्र को शुरू हुए एक माह बीतने के बाद भी विभाग की ओर से मॉडल स्कूलों का क्रियान्वयन नहीं हो पाया है।
भाजपा के मोर्चा प्रभारी तारादत्त थपलियाल, मीडिया प्रभारी रमेश मैखुरी, क्षेत्र पंचायत सदस्य महिपाल सिंह नेगी ने बताया कि जिले के प्रत्येक ब्लॉक के दो इंटर कालेज, दो प्राथमिक स्कूल और एक जूनियर हाईस्कूल को मॉडल स्कूल बनाकर हाईटेक करने की योजना थी, लेकिन नए शैक्षणिक सत्र के एक माह बीतने के बाद भी मॉडल स्कूल शुरू नहीं हो पाए हैं।
उन्होंने राज्यपाल से जनपद के मॉडल स्कूलों को शुरू करने के लिए शिक्षा विभाग को निर्देशित करने की मांग की है। वहीं डीईओ बेसिक ने बताया कि मॉडल स्कूल के रूप में संचालित करने के लिए विभाग की ओर से पठन सामग्री, फर्नीचर आदि की व्यवस्थाएं कर दी गई हैं। निदेशालय की ओर से अध्यापकों की नियुक्ति की गाइड लाइन मिलने पर शिक्षकों की तैनाती कर शैक्षणिक कार्य शुरू कर दिया जाएगा।