ऋषिगंगा की आपदा में लापता लोगों की खोज अभी भी जारी है। बुधवार को आपदा के 40वें दिन एनटीपीसी की बैराज साइट से एक मानव अंग बरामद हुआ। बैराज साइड पर एनडीआरएफ सर्च अभियान चला रही है। अभी तक आपदा में मारे गए 72 लोगों के शव बरामद हो चुके हैं, जबकि 32 मानव अंग बरामद हुए हैं।
ऋषिगंगा की आपदा में 205 लोग लापता हुए थे। एनटीपीसी के महाप्रबंधक आरपी अहिरवान ने बताया कि 22 दिन पहले बैराज साइट से एक मानव अंग मिला था जबकि बुधवार को भी बैराज साइट से मानव अंग बरामद हुआ है। सुरंग के अंदर से मलबा हटाने का काम अभी भी जारी है। इसके अलावा बैराज साइट भी लापता लोगों की तलाश की जा रही है। ऋषिगंगा की आपदा को 40 दिन हो चुके हैं, लेकिन लापता आधे से अधिक लोगों का कुछ पता नहीं चल पाया है। संवाद