सगवाड़ा गांव में डटी वन विभाग की टीम, भालू को भगाने के लिए छोड़े जा रहे पटाखे
- रविवार को भालू के हमले में घायल ग्रामीण को विभाग ने 10 हजार की राशि दी
थराली। भालू को भगाने में वन विभाग की टीम सगवाड़ा गांव में डटी हुई है। यहां रविवार शाम को ग्रामीण धन सिंह बिष्ट को भालू ने घायल कर दिया था। वन विभाग की टीम ने जहां घायल को 10 हजार की राशि प्रदान की है। वहीं भालू को भगाने के लिए पटाखे छोड़े जा रहे हैं। ग्राम प्रधान दिनेश सिंह बिष्ट ने बताया इस घटना से क्षेत्र के कुनी पार्था, ढूंगाखोली, लेटाल, कुराड़ आदि गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। वन क्षेत्राधिकारी मनोज देवराड़ी ने बताया भालू की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए वन विभाग की टीम मौके पर तैनात है। साथ ही पिंजरे और जाल की व्यवस्था की जा रही है। घायल धन सिंह को 10 हजार की सहायता राशि प्रदान की गई है। मेडिकल के बाद मुआवजे की प्रक्रिया की जाएगी। रेंजर ने बताया कि ग्रामीणों को अकेले जंगल न जाने की सलाह दी जा रही है। संवाद