बदरीनाथ धाम में इन दिनों तीर्थयात्रियों का रैला उमड़ रहा है। धाम के कपाट खुलने से अभी तक इन 22 दिनों में 3,01654 तीर्थयात्री बदरीनाथ के दर्शन कर चुके हैं। शनिवार को 12643 तीर्थयात्री बदरीनाथ धाम पहुंचे। इन दिनों तीन जगहों पर चल रही भागवत कथा के कारण कई तीर्थयात्रियों को होटल, धर्मशालाओं में रहने तक की जगह नहीं मिल पा रही है।
बदरीनाथ में आगामी दस जून तक की होटल और धर्मशालाओं में एडवांस बुकिंग चल रही है। यहां प्रतिदिन दस से पंद्रह हजार तीर्थयात्री बदरी विशाल के दर्शनों को पहुंच रहे हैं, जिससे धाम में श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति और पुलिस प्रशासन को व्यवस्था बनाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बदरीनाथ निवासी अरविंद शर्मा, पूरण मेहता और परवेंद्र भंडारी का कहना है कि मई और जून माह में बदरीनाथ में तीर्थयात्रियों का रैला उमड़ता है।
प्रशासन को इन महीनों में यहां भागवत कथा करने की अनुमति नहीं देनी चाहिए। इधर, बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी बीडी सिंह का कहना है कि बदरीनाथ में रात नौ बजे तक भी तीर्थयात्री बदरी विशाल के दर्शन कर रहे हैं। तीर्थयात्रियों के लिए कोई दिक्कत न हो इसके लिए गुजराती भवन के सभागार में भी रात्रि विश्राम करवाया जा रहा है।