मानकों के विपरीत डंप कर रहे थे सड़क और पुल निर्माण का मलबा
वन क्षेत्राधिकारी ने किया था निरीक्षण, अब दर्ज किया वाद
संवाद न्यूज एजेंसी
कर्णप्रयाग। सड़क और पुल निर्माण का मलबा डंपयार्ड में नहीं बल्कि गदेरे में डालने पर संबंधित विभाग के खिलाफ कार्रवाई शुरू हो गई है। वन विभाग के अनुसार मलबा मानकों के विपरीत डंप किया जा रहा है। इसलिए कार्यदायी संस्था के विरुद्ध वन अधिनियम के तहत वाद दर्ज कर लिया है।
पीएमजीएसवाई की ओर से सिमली-डिम्मर-कर्णप्रयाग मोटर मार्ग के टटासू गदेरे में मोटर पुल का निर्माण कार्य किया जा रहा है लेकिन कार्यदायी विभाग पीएमजीएसवाई की ओर से निर्माण कार्य का मलबा गदेरे में डाला जा रहा है। इस पर डिम्मर के ग्रामीणों ने आपत्ति जताई थी। मामले का संज्ञान लेते हुए सोमवार को नंदप्रयाग रेंज के वन क्षेत्राधिकारी ने मौके पर जाकर निरीक्षण भी किया था। वन क्षेत्राधिकारी हेमंत बिष्ट ने बताया कि सिमली-डिम्मर-कर्णप्रयाग मार्ग पर कार्यदायी संस्था पीएमजीएसवाई की ओर से कराए जा रहे पहाड़ी कटान का मलबा मानकों के विपरीत टटासू गदेरे में डाला जा रहा है। मामले की जांच कर कार्यदायी विभाग के विरुद्ध वन अधिनियम के तहत वाद दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।