-जिलासू-आली सड़क नहीं बनने से आली के ग्रामीणों को सबसे अधिक परेशानी
-आली से पोखरी और कर्णप्रयाग होते हुए पहुंचते जिलासू तहसील, 16 साल से लगा है सड़क का काम
कृष्णकांत कोहली
जिलासू। जिलासू तहसील को पोखरी ब्लॉक से जोड़ने वाली 12 किमी लंबी जिलासू-आली सड़क 16 साल बाद भी पूरी नहीं हो पाई है। सड़क अधूरी होने से आली गांव के ग्रामीणों को जिलासू तहसील पहुंचने के लिए पोखरी और कर्णप्रयाग होकर करीब 54 किमी की दूरी तय करनी पड़ रही है, जबकि कई लोग आज भी 12 किमी पैदल सफर करने को मजबूर हैं।
वर्ष 2016 में गंगनाली क्षेत्र के गांवों के लिए जिलासू तहसील बनाई गई थी। इन गांवों का विकासखंड पोखरी है। सड़क बनने से आली से जिलासू की दूरी 12 किमी और पोखरी की दूरी महज 16 किमी रह जाती। साथ ही जिलासू, गिरसा, एरास, उत्तरों, सरणा, मस्टगांव और झिलोटी समेत 11 से अधिक गांवों के ग्रामीणों को पोखरी आने-जाने में 10 से 20 किमी की दूरी कम तय करनी पड़ती। हालांकि पिछले एक पखवाड़े से लोनिवि पोखरी जेसीबी मशीन से सड़क निर्माण कार्य में जुटा है, लेकिन आली और मस्टगांव के बीच कई हिस्सों में सड़क अब भी अधूरी है। आली गांव के नंदन सिंह ने जल्द सड़क निर्माण पूरा करने की मांग की है। वहीं ग्राम प्रधान विनोद आगरी और गोकुल कुमार सहित ग्रामीणों ने भी प्रशासन से निर्माण कार्य में तेजी लाने की अपील की है।
वर्जन- सड़क पर कटिंग कार्य किया जा रहा है। कहीं कहीं 4 मीटर चौड़ाई नहीं मिल पा रही है। बावजूद पूरे प्रयास किए जा रहे हैं। हालांकि तीन दिन पूर्व एक छोटा वाहन आर पार कराया गया। अभी मलबा हटाने और चार मीटर चौड़ाई के लिए कटिंग कार्य किया जा रहा है। जल्द सड़क वाहनों के लिए सुचारू होगी।
-राजकुमार, ईई लोनिवि पोखरी।