कर्णप्रयाग। बड़ियास गांव में एक घर के दो कमरों में आग लग गई। करीब दो घंटे तक धधकी आग में लाखों का सामान जलकर राख हो गया। ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया। मौके पर पहुंची राजस्व पुलिस ने रिपोर्ट तैयार कर तहसील प्रशासन को भेज दी है।
ग्राम पंचायत धारकोट के बड़ियास गांव निवासी मंगी लाल (महावीर) पुत्र गंफू लाल के दो मंजिला मकान के ऊपर के दो कमरों में शाम पांच बजे आग लग गई। पूर्व प्रधान विजय खंडूड़ी, ग्राम प्रहरी विजय लाल और प्रभावित मंगी (महावीर) के भाई प्रेम लाल ने बताया कि घर के अंदर मंदिर भी है, जिसमें सुबह दीया जलाया था। दीये की आग अचानक मकान में रखी लकड़ियों तक पहुंच गई और शाम तक आग भड़क गई। उस समय घर के सदस्य खेती-बाड़ी के लिए गए हुए थे। ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया। सूचना पर निरीक्षण करने पहुंचे राजस्व उपनिरीक्षक देवेंद्र कंडारी ने बताया कि आग से दोनों कमरे जल गए हैं। प्रभावितों के हवाले से कंडारी ने बताया कि मकान में रखा राशन, खाने की अन्य चीजें, कपड़े, दो तोला सोने की ज्वैलरी सहित 12 हजार की नकदी भी अग्निकांड में स्वाहा हो गई है।
इंसेट
समीर की बची जान
घर में मंगी का आठ वर्षीय बेटा समीर बाहर वाले कमरे में सो रहा था, जब दीये से लकड़ियों में आग लगी और धुएं से उसे घुटन होने लगी तब उसकी नींद खुली। अंदर के कमरे में आग लगता देख वह तुरंत वहां से जान बचाकर भागा। बाहर आकर समीर ने हल्ला मचाया तब ग्रामीणों को आग का पता चला। देखते-देखते दोनों कमरों में आग फैल गई। ग्रामीण आग बुझाने में जुट गए, जब तक आग बुझी तब तक दोनों कमरों में रखा सारा सामान राख हो चुका था।