देवाल। पीएमजीएसवाई के अधीन देवाल-खेता-मानमति मोटर मार्ग के एक माह से बंद होने से लोगों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। जनप्रतिनिधियों ने एसडीएम विवेक प्रकाश को ज्ञापन भेजकर शीघ्र मार्ग खुलवाने की मांग की है। ऐसा न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी भी दी है। ज्ञापन में ब्लाक प्रमुख उर्मिला बिष्ट, जिला पंचायत सदस्य राजेंद्र दानू, खिलाप दानू, बृजमोहन गडिया, जसपाल सिंह और मोहन राम आदि का कहना है कि मार्ग बंद होने से रामपुर, तोरती, झलिया आदि गांवों के ग्रामीणों को 12 से 15 किमी अतिरिक्त पैदल दूरी तय करनी पड़ रही है। गांवों में रसद सप्लाई भी पर्याप्त नहीं हो पा रही है। जनप्रतिनिधियों ने क्षतिग्रस्त ऋषि झूला पुल की मरम्मत की मांग भी की। कहा कि पुल से कई गांवों के ग्रामीणों के साथ कुमाऊं के लोगों का भी आना-जाना होता है, लेकिन पुल के तिरछा होने से खतरा बना है।