कर्णप्रयाग। बदरीनाथ हाईवे के समीप नया बस अड्डा जहां पर बड़ी-बड़ी जनसभाएं होती हैं वहीं इसी के समीप बदहाल बना पर्यटक सुविधा केंद्र किसी को दिखाई नहीं देता। शुक्रवार को भी कुछ ऐसा ही हुआ सूबे के मुखिया ने नए बस अड्डे पर सभा की, लेकिन मंच के ठीक बाएं बदहाल पर्यटक सुविधा केंद्र की तरफ देखा तक नहीं।
एक दशक पूर्व कांग्रेस की तिवारी सरकार ने यहां नए बस अड्डे पर तकरीबन 12 लाख की लागत से पर्यटक सुविधा केंद्र का निर्माण किया। उद्देश्य था कि चार धाम यात्रा, बुग्यालों को जाने वाले ट्रैकर्स, तीर्थ यात्रियों और पर्यटकों को यहां विभिन्न प्रकार की सुविधा और जानकारियां दी जाएंगी। इसे पर्यटन विभाग ने गढ़वाल मंडल विकास निगम के माध्यम से पीपीपी मोड में संचालित किया, लेकिन महज कुछ माह में योजना पिछड़ गई। आज यहां फर्नीचर, कमरे और टॉयलेट सब खराब पड़ा है। यहां 2009 के लोक सभा चुनावों के दौरान जनसभाएं हुई, तत्कालीन प्रदेश की पर्यटन मंत्री अमृता रावत और सांसद सतपाल महाराज ने 2013 में बदरी-केदार महोत्सव और बाल पोषाहार योजना की शुरुआत यहीं से की लेकिन पर्यटक सुविधा केंद्र की सुध किसी ने नहीं ली। स्थिति यह है कि यह भवन कौन संचालित कर रहा है इसकी जानकारी पर्यटन विभाग के पास भी नहीं है। अलबत्ता जिला पर्यटन अधिकारी एसएस राणा की मानें तो जल्द भवन का उपयोग कर पर्यटकों को सुविधा दी जाएगी।