पीपलकोटी/गोपेश्वर। बदरीनाथ हाईवे पर 27 फरवरी की रात को कौड़िया चाडे़ के पास कार दुर्घटना में लापता चार युवकों में से एक युवक का शव शनिवार रात को छिनका के पास मिला। शव की पहचान जोशीमठ के ढाक गांव निवासी दीपक थपलियाल (22) पुत्र चंद्रशेखर के रूप में हुई है। लोकेश थपलियाल, विक्रम और अभिषेक अभी भी लापता हैं। थानाध्यक्ष हरेंद्र बिष्ट ने बताया कि दुर्घटना के बाद से ही पुलिस टीम अलकनंदा में युवकों की ढूंढ-खोज कर रही थी। अलकनंदा में बहाव अधिक होने से उनका पता नहीं चल पा रहा था। शव फूलकर नदी में बाहरी तल पर आ गया था। शीघ्र ही अन्य युवकों की तलाश भी कर ली जाएगी। ब्यूरो