घाट (चमोली)। प्रखंड मुख्यालय पर स्थित एसबीआई बैंक शाखा के कार्यालय में मलबा और पानी घुस गया है, जिससे बैंक को लाखों का नुकसान हुआ है। बैंक के लॉकर में 23 लाख और एटीएम में 20 लाख रुपये फंस गए हैं। बैंक के अभिलेख भी नष्ट हो गए हैं। प्रखंड के नागबगड़, बंगाली, फाली, सरपानी और लाखी गांव पर भूस्खलन का खतरा मंडरा रहा है। यहां पेयजल और विद्युत आपूर्ति भी सुचारु नहीं हो पाई है। हालांकि क्षेत्र में बीएसएनएल की मोबाइल सेवा सुचारु हो गई है, जिससे ग्रामीण सगे-संबंधियों की कुशल छेम पूछ रहे हैं। एसडीएम चमोली अवधेष कुमार सिंह ने आपदा स्थल पर जाकर स्थिति का जायजा लिया। स्थानीय निवासी लक्ष्मण सिंह राणा ने बताया कि घाट बाजार चट्टान से हो रहे भूस्खलन से पूरी तरह से खतरे की जद में है। क्षेत्र में कई पैदल पुल बह गए हैं, जिससे ग्रामीणों को आवाजाही में भारी दिक्कतें झेलनी पड़ रही है।