थराली/कर्णप्रयाग। राजजात मार्ग नंदकेशरी-ग्वालदम पर अब भी सुधार कार्य तेजी नहीं पकड़ पाया है। मार्ग शुरूआत से ही खस्ताहाल बना हुआ है। वहीं बीते दिनों हुई बारिश से पुल पर भारी मलबा जमा हो रखा है, लेकिन विभाग अभी तक मलबे की सफाई नहीं कर पाया है।
बीते वर्ष अक्तूबर-नवंबर से लोनिवि राजजात मार्गों पर सुधारीकरण कार्य कर रहा है, लेकिन अभी तक एक की भी स्थिति सुधर नहीं पाई है। थराली-मुंदोली पर जहां सुस्त डामरीकरण कई सवाल खड़े कर रहा है, वहीं नंदकेशरी-ग्वालदम मार्ग पर मानकों की अनेदखी की जा रही है। मार्ग के शुरू में ही पिंडर नदी पर बने मोटर पुल पर दोनों तरफ मलबा जमा है, लेकिन अभी तक उसकी सफाई नहीं हो पाई है। दूसरी तरफ लोहाजंग-वाण मार्ग पर सुधारीकरण कार्य में विभाग द्वारा मानकों की अनदेखी की जा रही है।
आज खुलेंगी निविदाएं
थराली। बुधवार को लोनिवि डिवीजन में राजजात मार्ग थराली-देवाल-मुंदोली पर 28 किमी डामरीकरण के लिए निविदाएं आमंत्रित की गई। बृहस्पतिवार को निविदाएं खोली जाएगी। बता दें कि शुक्रवार को मुख्य अभियंता लोनिवि ने उक्त मार्ग का चौथी बार निरीक्षण कर कार्य पर नाराजगी जताई थी। इस दौरान उन्होंने मार्ग पर तीस मई तक मानकों के तहत डामरीकरण के लिए नौ नई निविदाएं आमंत्रित करने के निर्देश भी अधीक्षण अभियंता को दिए थे।