कर्णप्रयाग। जल्द ही गैरसैंण क्षेत्र के आदिबदरी एवं खनसर-रोहिड़ा क्षेत्र में लोगों को लो-वोल्टेज एवं अनियमित ब्रेक डाउन की समस्या से निजात मिल जाएगी। ऊर्जा निगम ने इन क्षेत्रों में 33 एवं 66 केवी विद्युत स्टेशनों के निर्माण के लिए जमीन तलाशनी शुरू कर दी है। निगम के अनुसार विद्युत स्टेशन स्थापित होने से क्षेत्र के छह हजार से अधिक उपभोक्ता लाभान्वित होंगे।
तीन नवंबर को गैरसैंण कैबिनेट में मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने गैरसैंण एवं कर्णप्रयाग क्षेत्र के लिए 23 घोषणाएं की थी, जिनमें से एक क्षेत्र के आदिबदरी-नंदासैंण में 33 केवी तथा खनसर-रोहिड़ा, कुनीगाड़ में 66 केवी विद्युत सब स्टेशन निर्माण भी शामिल है। क्षेत्र अनियमित विद्युत कटौती एवं लो-वोल्टेज की समस्या से लंबे समय जूझ रहा है। इस संबंध में पिछले लंबे समय से खनसर घाटी विकास संघर्ष समिति बदहाल विद्युत व्यवस्था को सुधारने की मांग कर रही है।
इधर, आदिबदरी-नंदासैंण एवं खनसर-रोहिड़ा, कुनीगाड़ में स्थापित होने वाले विद्युत स्टेशनों के निर्माण संबंधी घोषणाओं का शासनादेश ऊर्जा निगम के आला अधिकारियों को प्राप्त हो चुका है, जिस पर कार्यवाही शुरू कर दी गई है।
मुख्यमंत्री की तीन नवंबर की घोषणाओं में शामिल दो विद्युत सब स्टेशनों के निर्माण संबंधित शासनादेश प्राप्त हो चुका है। स्टेशनों के निर्माण के लिए दोनों स्थानों पर सड़क से लगी 8-10 नाली भूमि तलाशी जा रही है। विद्युत स्टेशनों के निर्माण से दोनों क्षेत्रों में जहां लो-वोल्टेज की समस्या हल हो जाएगी।
- वीरेंद्र पंवार, अधिशासी अभियंता ऊर्जा निगम गोपेश्वर