कर्णप्रयाग। चार दिन से ग्राम पंचायत डिम्मर के न्यू-डिम्मर, टटासू और विद्यापीठ बस्ती में पेयजल आपूर्ति ठप होने से ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उपभोक्ताओं की शिकायत पर सोमवार को जल संस्थान के अवर अभियंता जेएस बिष्ट ने टटासू पेयजल स्रोत का निरीक्षण किया। इस दौरान आवास विकास समिति के अध्यक्ष पवन डिमरी, महासचिव रविंद्र खंडूड़ी, कोषाध्यक्ष जयदीप गैरोला आदि ने पेयजल स्रोत पर फिल्टर लगाने सहित अन्य व्यवस्थाओं को चाक चौबंद करने की मांग की। इधर जेई जेएस बिष्ट ने पेयजल स्रोत पर जल्द फिल्टर लगाने और क्षतिग्रस्त चेंबर को दुरुस्त करने का आश्वासन दिया। उन्होंने विभागीय कर्मियों को जल्द पेयजल आपूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए।