कर्णप्रयाग ब्लॉक में विभिन्न केंद्रों पर शुक्रवार को कोरोना का टीका लगवाने के लिए लोगों की लाइन लग गई। इस दौरान 45 से अधिक उम्र के 855 लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया। कोरोना का टीका लगवाने के बाद सभी को आधा घंटे तक निगरानी में रखा गया। किसी की भी तबीयत नहीं बिगड़ी।
प्राथमिक स्कूल लंगासू के टीकाकरण कैंप में सुबह आठ बजे से ही मैखुरा, लंगासू, चमाली, उमट्टा, ग्वाड़, जेकिंडी, बणसोली, देवलीबगड़, उमराकोट, बेडाणू, सोनला, ढुंग्ल्वाली, हड़कोटी सहित आसपास के गांवों से लोग पहुंचने लगे। यहां 230 लोगों ने कोरोना का टीका लगवाया। इसके अलावा ट्रामा सेंटर में 205, गौचर में 190, जस्यारा में 130 और झिरकोटी कैंप में 100 लोगों को टीका लगा। व्यापार संघ के पूर्व अध्यक्ष कैलाश खंडूड़ी ने कहा कि कैंप में स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों के अलावा पुलिस के जवानों, भोजनमाता, आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने लोगों की सहायता की। उपजिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजीव शर्मा ने कहा एक अप्रैल से 45 वर्ष से अधिक उम्र के सभी लोगों के लिए टीकाकरण शुरू कर दिया गया है। दो दिनों में कर्णप्रयाग में 1500 लोगों ने कोरोना का टीका लगवाया है। उन्होंने कहा कि टीकाकरण, मास्क व सामाजिक दूरी का पालन करें और अपनी बारी आने पर टीका जरूर लगवाएं। टीकाकरण कार्य में इंदु नवानी, ममता चौहान, पट्टी नेगी, अंकित, कांता राणा, कांता स्नेही, सावित्री बिष्ट एएनएम कार्यकर्ताओं ने सहयोग किया।
विधायक मुन्नी देवी और महेंद्र भट्ट ने भी लगवाया टीका
पोखरी/नारायणबगड़। बदरीनाथ विधायक महेंद्र भट्ट ने सीएचसी पोखरी में कोरोना का टीका लगवाया। टीका लगवाने के बाद उन्हें कोई दिक्कत नहीं हुई। सीएचसी के अधीक्षक डा. मोहम्मद आशिफ ने बताया कि टीकाकरण का कार्य प्रतिदिन किया जा रहा है। 45 से अधिक उम्र का कोई भी व्यक्ति आकर टीका लगवा सकता है। शुक्रवार को 60 लोगों को टीका लगाया गया। वहीं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणबगड़ पहुंचकर थराली विधायक मुन्नी देवी शाह ने कोरोना का पहला टीका लगवाया।