गोपेश्वर। स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित ओपन बालक वर्ग की राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का खिताब कोटद्वार की टीम ने जीता। फाइनल मुकाबले में कोटद्वार की टीम ने हल्द्वानी की टीम को 3-0 से पराजित किया। मुख्य विकास अधिकारी चमोली हंसादत्त पांडे ने विजेता एवं उपविजेता टीम को पुरस्कृत किया।
सोमवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेले गए फाइनल मैच में कोटद्वार (पौड़ी) ने हल्द्वानी (नैनीताल) को 3-0 से हराकर कर जीत दर्ज की। विजेता टीम की ओर से अंश नेगी ने मैच के 28वें व 46वें मिनट में दो तथा राहुल रावत ने 38वें मिनट में एक गोल दागकर अपनी टीम को जीत दिलाई। इससे पूर्व हुए पहले सेमीफाइनल मुकाबले में कोटद्वार की टीम ने चमोली को 3-0 से हराया, जबकि दूसरे मैच में हल्द्वानी की टीम ने उत्तरकाशी को 5-1 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। इस मौके पर प्रभारी जिला क्रीड़ाधिकारी गिरीश कुमार, गोपीनाथ वॉलीबाल एसोसिएशन चमोली के सचिव हेम पुजारी, गोपाल सिंह बिष्ट, कमल किशोर सिंह, गंभीर बिष्ट और शेखर रावत आदि मौजूद थे।