गोपेश्वर। लोकसभा चुनाव को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए पुलिस अधीक्षक यशवंत सिंह चौहान ने राजस्व और पुलिस अधिकारियों की बैठक ली। एसपी ने कहा कि संवेदनशील बूथों पर सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
जिला सभागार में आयोजित बैठक में एसपी ने पुलिस अधिकारियों को अपने क्षेत्र में तहसीलदार और राजस्व उप निरीक्षकों के साथ समन्वय करते हुए पोलिंग बूथों का भौतिक सत्यापन करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले में अवैध शराब के खिलाफ चेकिंग अभियान शुरू करने और अवैध गतिविधियों पर निरंतर निगरानी रखने के निर्देश दिए। एडीएम एमएस बर्निया ने कहा कि जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में 555 मतदेय स्थल हैं। इस मौके पर एसडीएम जीआर बिनवाल, तहसीलदार सोहन सिंह रांगड़, चंद्रशेखर वशिष्ठ, डीएसपी पुरुषोत्तम दत्त जोशी, थानाध्यक्ष पोखरी अनिरुद्ध मैठाणी, दीपक सिंह रावत, सुभाष चंद्र जखमोला, रविंद्र सिंह नेगी, जयपाल सिंह, चित्रगुप्त, नरेंद्र सिंह, जितेंद्र भंडारी और सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी बीएस रावत आदि मौजूद थे।