घाट (चमोली)। श्रीदेव सुमन विवि के कुलपति प्रो. यूएस रावत ने राजकीय महाविद्यालय घाट और हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन टेक्नोलॉजी जिलासू का निरीक्षण किया। कुलपति ने कहा कि घाट महाविद्यालय में अर्थशास्त्र और समाजशास्त्र विषय को स्वीकृति दे दी गई है। अगले शिक्षा सत्र से इन विषयों में पठन-पाठन भी शुरू कर दिया जाएगा।
राजकीय महाविद्यालय घाट के निरीक्षण के दौरान कुलपति प्रो. यूएस रावत ने महाविद्यालय प्रशासन को महाविद्यालय के लिए चयनित भूमि के हस्तांतरण की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए। महाविद्यालय में बीए प्रथम से तृतीय वर्ष तक 460 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। कुलपति ने कहा कि जब तक महाविद्यालय का अपना भवन नहीं बन जाता तब तक किराए पर कक्षों की व्यवस्था कर पठन-पाठन सुचारु रखा जाए। उन्होंने छात्र-छात्राओं से संवाद भी किया और उन्हें सफलता हासिल करने के टिप्स भी दिए।
वहीं, हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन टेक्नोलॉजी जिलासू के भ्रमण के दौरान कुलपति ने पुस्तकालय का निरीक्षण भी किया। उन्होंने बीएड के छात्र-छात्राओं को करियर संवारने के टिप्स दिए। कुलपति ने कहा कि मेहनत और लगन से लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। इस मौके पर शिक्षक नरेश कुंवर, सुरेश कोठारी, शिक्षिका लक्ष्मी राणा, सरोज वैष्णव, ज्योति, पूजा, मधु, रुचि, शिवानी, निर्मला, स्नेहा, यशोदा, वैशाली, वंदना, भावना, अंजली, अनीता, प्रकृति, आशा, अनामिका, किरन, लक्ष्मी, सपना, नीमा, वर्षा, मुन्नी, आरती, सिकंदर भट्ट, आशीष, सूरज और सुरजीत आदि मौजूद थे।