जोशीमठ। औली में शुक्रवार से आईटीबीपी के पर्वतारोहण एवं स्कीइंग संस्थान की तीन दिवसीय अंतर सीमांत स्कीइंग प्रतियोगिता शुरू हो गई है। जोशीमठ के नगर पालिका अध्यक्ष शैलेंद्र पंवार ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता में सलालम, ज्वाइंट सलालम, सुपर ज्वाइंट सलालम और नोर्डिक स्कीइंग खेल होंगे। पहले दिन हुई नोर्डिक स्कीइंग की पांच किलोमीटर क्रास कंट्री रेस में हवलदार मनमोहन व सिपाही विनोद कुमार ने गोल्ड और हवलदार मनोज कुमार ने सिल्वर मेडल हासिल किया।
प्रतियोगिता के तहत हुई सुपर ज्वाइंट सलालम में हवलदार गुलाब ठाकुर ने गोल्ड, सिपाही विक्रांत ने सिल्वर और सिपाही एम जीवान ने कांस्य पदक जीता। ज्वाइंट सलालम में हवलदार गुलाब ठाकुर को गोल्ड, विक्रांत को सिल्वर और संदीप चंदेल को कांस्य पदक मिला। पर्वतारोहण एवं स्कीइंग संस्थान के प्रधानाचार्य गंभीर सिंह चौहान ने कहा कि प्रतिवर्ष संस्थान की ओर से स्कीइंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है। इससे अधिकारियों और जवानों में खेल भावना और साहसिक खेलों के प्रति रुचि पैदा होती है। इस मौके पर कर्नल मानवेंद्र, डा. महेंद्र, विपिन मिश्रा, कमल भारद्वाज और नरेंद्र रावत आदि मौजूद थे।